शराब के लिए पैसे मांगने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 बदमाश गिरफ्तार, 4 नाबालिग हिरासत में, चाकू-डंडा बरामद

Uncategorized

राजनांदगांव। शहर में राहगीरों को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मारपीट करने और सब्जी मंडी में आतंक मचाने वाले बदमाशों पर बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 4 विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार राह चलते लोगों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगते थे। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते थे।

हाल ही में नंदई नाका, गंज मंडी और सब्जी मंडी क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में आरोपियों ने लोगों के साथ मारपीट कर दहशत फैला दी थी।पीड़ितों की शिकायत पर बसंतपुर थाना में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दबिश देकर सभी आरोपियों और नाबालिग साथियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु यादव, अंकुश राजपूत, उज्जवल रजक और आदित्य साहू उर्फ आदिल शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिमांशु यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और डंडा जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।बसंतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही गुंडागर्दी और राहगीरों से वसूली की घटनाओं पर पुलिस के इस एक्शन को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *