रायपुर : रायपुर के टिंबर मार्केट में भीषण आग, लाखों का नुकसान अनुमान लगाया जा रहा है राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा प्लाईवुड सहित लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह पूरा मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।