रायपुर। विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का एक और बड़ा खुलासा हुआ है। क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में फरार आरोपी अमन शर्मा को कोलकाता के 24 परगना से गिरफ्तार किया गया है।यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था और अब तक करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेहद शातिर तरीके से टूर-ट्रैवल्स कारोबारियों को अपना निशाना बनाते थे।मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुनानक नगर निवासी ट्रैवल्स व्यवसायी हरदीप सिंह होरा को झांसे में लिया गया। आरोपी ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताकर अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग का झांसा दिया और भरोसा जीतने के बाद विदेशी मुद्रा में पेमेंट की बात कही।इसके बाद पीड़ित को तेलीबांधा स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया गया, जहां 18,000 अमेरिकी डॉलर और 2,000 ब्रिटिश पाउंड लेकर पहुंचने को कहा गया। मौके पर मौजूद आरोपी का साथी रकम लेकर “नोट गिनने की मशीन लाने” के बहाने बाहर गया और फिर पूरा गिरोह रकम लेकर फरार हो गया। इस ठगी में पीड़ित को करीब 19.47 लाख रुपये का नुकसान हुआ।इस मामले में पहले ही दो आरोपी—प्रोसेनजित चक्रवर्ती और मयंक शर्मा—को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता अमन शर्मा का नाम सामने आया, जिसके बाद तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसे कोलकाता में ट्रैक कर दबोचा गया।