भाजपा ने पूछा : डॉ. सिंह के तिजहारिनों को बधाई देने पर कांग्रेस नेताओं को पेटदर्द क्यों ?

Chhattisgarh

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने छत्तीसगढ़ के लोक-पर्वों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा की जा रही बयानबाज़ी को सियासी नौटंकी बताया है। श्री उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल इस तरह की बयानबाज़ी और लोक-पर्व से जुड़ी लोक आस्था और भावनाओं का राजनीतिकरण करके छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं का खुला अपमान कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री उसेंडी ने सवाल किया कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीज पर्व पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने तिजहारिनों को पत्र लिखकर बधाई दी तो मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस नेताओं के पेट में मरोड़ क्यों उठ रहे हैं? डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ की आस्था और भावनाओं का हमेशा सम्मान किया है और तीज पर्व पर जारी तिजहारिनों को संबोधित पत्र भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति का सम्मान है। लोक-आस्था के राजनीतिकरण का ओछापन भाजपा की संस्कृति नहीं रही है। अपने शासनकाल में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक परिवेश की गरिमा को बढ़ाने का काम किया। उन्होंने हर वर्ष प्रदेश के सभी पर्वों में निहित सामाजिक समरसता व सद्भावना के संदेश को लोगों तक पहुँचाया।रमन के गोठ व अनेक माध्यमो से छत्तीसगढ़ी त्योहार परम्परा को महत्व दिया जाता रहा है । उनके ही शासनकाल में एक तरफ़ राजिम के मेले को देशव्यापी ख्याति मिली तो दूसरी तरफ़ सभी लोक पर्वों के आयोजन में प्रदेश सरकार की सहभागिता का उच्चतम मानदंड स्थापित हुआ।भाजपा सरकार के समय दुर्ग में ही छत्तीसगढ़ी सुआ नृत्य का वृहद आयोजन हुआ था जो एक रिकॉर्ड है ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल हर जगह राजनीतिक नज़रिया रखने के रोग से ग्रस्त नज़र आने लगे हैं। नई-नई सत्ता मिलने के बाद मुख्यमंत्री जिस संकीर्ण राजनीतिक सोच के साथ काम करते दिखाई दे रहे हैं, उससे प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा और लोक-आस्था को क्षति ही पहुँच रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के पत्र के परिप्रेक्ष्य में सियासत का प्रदूषण फैला रहे कांग्रेस के नेता भाजपा को सीख देने के बजाय अपने नज़रिये को पहले साफ़-सुथरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *