रायपुर : 22 फरवरी 2026,भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं सहसंयोजकों की घोषणा कर दी गई है।

जारी सूची के अनुसार रायपुर शहर के लिए डॉ. सतेंद्र पाण्डेय को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।नवनियुक्त जिला संयोजक डॉ. सतेंद्र पाण्डेय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ केवल एक संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि सेवा और समाज के जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण माध्यम है।डॉ. पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि उनका प्रमुख उद्देश्य जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, जनजागरूकता अभियान संचालित करना तथा नियमित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को लाभान्वित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और समाजसेवा को साथ लेकर वे अपनी टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाएंगे।उन्होंने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से समाजहित में कई रचनात्मक और जनोपयोगी पहल की जाएंगी। कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।