रायपुर :- समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीजेपी की डबल इंजन सरकार पर ज़बरदस्त हमला बोला है।अखिलेश यादव अपने ओडिशा दौरे के बाद रायपुर पहुँचे और उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान शब्दों के तीखे बाण चलाए। सबसे पहले तो उन्होंने बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार पर नशे की सप्लाई का गंभीर आरोप लगाया। सपा सुप्रीमो ने कहा कि, “डबल इंजन की सरकार में एक इंजन शराब सप्लाई कर रहा है और दूसरा इंजन गांजा सप्लाई कर रहा है।”

उन्होंने इसे केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए भी कहा कि, “वहां पर हर दिन शराब-गांजा पकड़ा जा रहा है।”इसके बाद अखिलेश यादव ने बीजेपी के आलाकमान पर ‘रिमोट कंट्रोल’ के ज़रिए सरकार चलाने का तंज कसा। उन्होंने नेताओं का नाम लिए बिना उन्हें ‘रिमोट’ कहा और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, जहाँ ‘लाभ की जगह’ होती है, वहाँ बीजेपी ‘रिमोट’ रखती है l वही डिप्टी सीएम विजय शर्मा के ‘जनता का दिल चोरी’ वाले बयान पर भी अखिलेश यादव ने करारा जवाब दिया। उन्होंने अयोध्या का ज़िक्र करते हुए कहा कि “यदि बीजेपी जनता का दिल चुरा रही है, तो अयोध्या में वो दिल क्यों नहीं चुरा पाई? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने गरीबों, किसानों, और पिछड़ी व दलित जातियों के साथ भेदभाव किया और उनकी दुकानें तोड़ी, इसीलिए प्रभु श्रीराम ने भी उन्हें अयोध्या में आशीर्वाद नहीं दिया।”