रायपुर : दिनांक19 जुलाई 2019, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के प्रथम स्वप्नदृष्टा डॉ. खूबचंद बघेल की जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर के ग्राम नरदहा में आयोजित पुरखा के सुरता कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डॉ. खूबचंद बघेल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर छत्तीसगढ़ के प्रति उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री के भाषण शुरू होने के साथ ही बारिश भी शुरू हो गई परंतु लोग भारी बारिश में भी पूरे उत्साह से मुख्यमंत्री को सुनते रहे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के महान सपूत डॉ. खूबचंद बघेल ने किसानों और मजदूरों को उनका हक दिलाने आजीवन संघर्ष किया। हमारी सरकार उनके सपनों के अनुरूप नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का काम कर रही है। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी सहित गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।