नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने मंगलवार (19 दिसंबर) को कहा कि देश में जन धन योजना के तहत खोले गए 20 प्रतिशत बैंक खाते निष्क्रिय हैं.
राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के सांसद जयंत चौधरी द्वारा राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड ने कहा, लगभग 51.11 करोड़ पीएमजेडीवाई खातों में से लगभग 20 प्रतिशत खाते 06.12.2023 की तारीख में निष्क्रिय थे.’
आधे से कुछ कम निष्क्रिय खाते महिलाओं के हैं.
मंत्री ने कहा: ‘06.12.2023 तक, कुल 10.34 करोड़ निष्क्रिय पीएमजेडीवाई खातों में से 4.93 करोड़ खाते महिलाओं के थे. निष्क्रिय पीएमजेडीवाई खातों में जमा राशि लगभग 12,779 करोड़ रुपये है जो पीएमजेडीवाई खातों में कुल जमा राशि का लगभग 6.12 फीसदी है.’.
कराड ने दावा किया कि बैंक निष्क्रिय खातों का प्रतिशत कम करने के लिए प्रयास कर रहे हैं, जिसके तहत जागरुकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं. इसी कारण निष्क्रिय खातों का प्रतिशत मार्च 2017 के 40 प्रतिशत से घटकर नवंबर 2023 में 20 प्रतिशत रह गया…