रायपुर : कोयला चोरी का वीडियो वायरल करने वाले पूर्व आईएएस व भाजपा नेता ओपी चौधरी पर जुर्म दर्ज करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वार-पलटवार किया है। डा. रमन ने कहा कि और कितना गिरेंगे भूपेश बघेल, इतना दुर्बल मुख्यमंत्री नहीं देखा, जो सच नहीं देख सकता, ओपी चौधरी ने आपके लचर प्रशासन की खामियां उजागर कीं तो गैरजमानती धाराएं लगा दीं। हम डरने वाले नहीं हैं, सनद रहे, यह तानाशाही नहीं चलेगी, ईंट से ईंट बजा देंगे कांग्रेस सरकार की। इस पर करारा पलटवार करते हुए श्री बघेल ने कहा कि जितनी ईंट बजानी है बजा लें, फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, आप सामने से लड़ाई नहीं कर पा रहे हैं। अधिकारियों को बदनाम करने के लिए इस तरह का हथकंडा अपनाएंगे। आप आईएएस अधिकारी थे, दो साल कलेक्टर रहे हैं। पुराने वीडियो अपलोड कर कहेंगे कि 2022 का है, तो ये अपराध की श्रेणी में आता है। आप पर कार्रवाई होगी। आईएएस अधिकारी का पद और बड़ा होता है। पूरे प्रदेश में आप इस तरह का वातावरण बनाना चाहते हैं। आप पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें बचाने में डॉ. रमन सिंह लगे हुए हैं।
इधर, केंद्र पर भी हमला
पत्थलगांव से लौटने के बाद हेलीपैड में पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर कहा, राहुल गांधी की ईडी में पेशी है और एआईसीसी से पदयात्रा कर उसके विरोध में शामिल होंगे। केंद्र सरकार पर ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, मोदी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। केंद्र सरकार जबरन सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान कर रही है। नेशनल हेराल्ड में मनी लांड्रिंग जैसी कोई बात नहीं, इसमें ईडी का क्या काम है। सरकार विपक्ष को लोगों को जबरन परेशान कर रही है।
धरातल में दिख रही योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि भेंट-मुलाकात के तहत अब तक 20 विधानसभा क्षेत्रों को दौरा पूरा हो गया है। इन क्षेत्रों के लोगों से मुलाकात कर लिए गए फीडबैक से यह देखने में आया कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा, धरातल पर योजनाओं का क्रियान्वयन देखा, इसका मुझे संतोष है।