रायपुर/ गायत्री परिवार रायपुर छत्तीसगढ़ के जिला संयुक्त समन्वय समिति के श्री सुखदेव देवांगन एवं प्रभात मिश्रा ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर आज छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। समिति के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ को नशा मुक्त प्रदेश बनाने के आह्वान के साथ पूर्ण शराब बंदी लागू करने की मांग की है। विदित हो कि गायत्री परिवार छत्तीसगढ़ लंबे समय से सुदूर बीजापुर से लेकर बलरामपुर तक गांव-गांव, शहर-शहर शराबबंदी को लेकर अभियान चला रहा है। नशा मुक्त देश एवं नशा मुक्त समाज के लिए गायत्री परिवार का आह्वान लोगों को सतत जोड़-जोड़ रहा है। परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा जी के आदर्शों पर चलते हुए एक ओर जहां गायत्री परिवार नशा के खिलाफ अभियान चला रहे हैं वहीं लोगों से व्यक्तिगत रूप से जुड़ कर भी लोगों को इस विकार से दूर रहने लगातार प्रेरित कर रहे हैं।