रायपुर। सिखों के प्रथम गुरु पूज्य श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रविवार को निकाली गई भव्य शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय जागृति मंडल पहुंची। यहां संघ के स्वयंसेवकों ने पुष्पवर्षा और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से प्रकाश पर्व के अवसर पर शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी जागृति मंडल पहुंचती रही है। इस अवसर पर मातृशक्ति ने गुरु नानक देव जी के जीवन, विचारों और उनकी शिक्षाओं पर आधारित प्रेरणादायी कीर्तन प्रस्तुत किए। संघ के कार्यकर्ताओं ने पालकी साहिब में पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक आशीर्वाद लिया।

इस दौरान स्वयंसेवकों ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को स्मरण किया। वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और मानवता के संदेश को याद करते हुए कहा कि गुरु नानक देव ने समाज को कुरीतियों से दूर रहने, आपसी भाईचारे और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बृजमोहन सिंह चावला, सज्जन सिंह चावला, हरजिंदर सिंह, मुरलीधर आसीना, अशोक नामदेव, जसपाल सलूजा, मनिंदर सिंह, सोनिया सलूना, मेजित कौर चावला, अमनदीप कौर, प्रांत प्रचारक अभय राम, रामेश्वर प्रसाद सिन्हा, रामभरोसे सोनी, विश्वनाथ बोगी, राजेंद्र सिंह यादव, विजय बरहिया एवं महानगर कार्यवाह भारतभूषण वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।