बसना में 8.38 करोड़ रुपये से बनेंगी दो सड़कें, शासन से मिली मंजूरी

Uncategorized

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग ने रिखादादर-परसवानी और बरपेलाडीह-पीपलखुंटा मार्गों के निर्माण के लिए कुल 8 करोड़ 38 लाख 42 हजार रुपये की मंजूरी दी है। इन कार्यों के लिए वित्त विभाग की सहमति के बाद स्वीकृति जारी की गई है।

वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इन दोनों परियोजनाओं के तहत रिखादादर से परसवानी तक 2.45 किलोमीटर और बरपेलाडीह से पीपलखुंटा तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन मार्गों की खराब स्थिति और निर्माण की आवश्यकता को ग्रामीण लंबे समय से उठा रहे थे। इस मांग को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था।

विधायक ने कहा कि सड़कों का विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क निर्माण से किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने और स्थानीय व्यापारियों को अपना कारोबार संचालित करने में सहूलियत होगी।

दोनों सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने से रिखादादर, परसवानी, बरपेलाडीह और पीपलखुंटा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *