रायगढ़: घरघोड़ा में झपटमारी और चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

रायगढ़, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में राहगीर से आईफोन छीनने और ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट करने के दो मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदातों में शामिल बताए जा रहे तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच करते हुए संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान के रूप में हुई है। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पहचान परेड के दौरान आरोपियों की पहचान की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। समीर फिलहाल फरार है।

रास्ता रोककर जेब से छीना आईफोन

पुलिस के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने 18 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के सामने गतिअवरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब से आईफोन छीन लिया। इसके बाद तीनों रायगढ़ रोड की ओर भाग निकले।इस मामले में घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर की लूटपाट

दूसरी घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) के मुताबिक, बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पांच हजार रुपये मांगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसका रेडमी मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे तीन हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं में एक जैसी मोटरसाइकिल के इस्तेमाल और आरोपियों के हुलिये के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। इस दौरान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और आईफोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पूछताछ में दोनों ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सुरेन्द्र चौहान से वारदात में इस्तेमाल काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन बरामद किया गया।पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। अन्य लूटी गई संपत्ति और फरार आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर झपटमारी, लूटपाट और मारपीट करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

दोनों मामलों के खुलासे में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार और आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल तथा भानु चंद्रा की भूमिका रही। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *