रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना में बड़ा बदलाव किया है। 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत पहले जारी स्थानांतरण आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके साथ ही अलग आदेश में पांच अन्य अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं।
अपर कलेक्टर से लेकर डिप्टी कलेक्टर तक बदली जिम्मेदारियां :-

जारी आदेश के अनुसार, वीरेंद्र लकड़ा को अपर कलेक्टर नारायणपुर से अपर कलेक्टर जांजगीर-चांपा पदस्थ किया गया है। योगिता देवांगन कोरबा से राजनांदगांव की अपर कलेक्टर बनाई गई हैं। शिम्मी नाहिद को माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर से अपर कलेक्टर रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रकाश कुमार भारद्वाज को कोंडागांव से कोरबा का अपर कलेक्टर बनाया गया है।विपुल कुमार गुप्ता को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल, नवा रायपुर में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। अरुण कुमार खलखो को बलौदाबाजार-भाटापारा में डिप्टी कलेक्टर पदस्थ किया गया है। संगीता अग्रवाल को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में संयुक्त संचालक बनाया गया है।

दुर्ग, जांजगीर-चांपा और मुंगेली में भी बदलाव :-
आदेश में दुर्ग, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कोंडागांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और उत्तर बस्तर कांकेर सहित विभिन्न जिलों में अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। कुछ अधिकारियों की वर्तमान पदस्थापना यथावत रखते हुए उनके प्रभार में बदलाव किया गया है।दूसरे आदेश में दशरथ सिंह राजपूत को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का अपर कलेक्टर, भगवत प्रसाद जायसवाल को उत्तर बस्तर कांकेर का अपर कलेक्टर और प्रफुल्ल कुमार रजक को मुंगेली का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। दिलीप कुमार उइके को कोंडागांव में डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षा) तथा मृण्मयी शुक्ला को मुंगेली में डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) पदस्थ किया गया है।सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।