विधानसभा पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, 2 फरार आरोपी और 1 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

Uncategorized

रायपुर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायपुर ग्रामीण पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना विधानसभा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 2 आरोपियों और 1 स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार सूचना संकलन के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पतासाजी की। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

करण नायक लंबे समय से था फरार

थाना विधानसभा के अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 109, 3(5) बीएनएस के प्रकरण में धारा 173(8) के तहत लंबित विवेचना के दौरान आरोपी करण नायक लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर उसकी तलाश की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

अमर नायक भी पुलिस के हत्थे चढ़ा

अपराध क्रमांक 278/2026, धारा 296, 115, 351, 117(2), 109(1) बीएनएस के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमर नायक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी माध्यमों से प्राप्त जानकारी और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

स्थायी वारंटी बादशाह अली गिरफ्तार

थाना विधानसभा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी बादशाह अली, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, दलदल सिवनी, को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वारंटी को दबोचकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

शराबखोरी और चाकूबाजी करने वालों पर भी कार्रवाई

अपराधियों की धरपकड़ के साथ ही थाना विधानसभा पुलिस ने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी कर आम लोगों के बीच अशांति एवं भय का माहौल पैदा करने वाले 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट एवं धारा 170/126, 135 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।

फरार आरोपियों और वारंटियों पर पुलिस की पैनी नजर

विधानसभा थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सूचना संकलन को और मजबूत किया जा रहा है।

सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी पुलिस की लगातार नजर है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *