जशपुर : 31 अगस्त2026, नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जशपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बागबहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर करीब 60 किलो अवैध गांजे के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल हुंडई वैन्यू कार भी जब्त की गई। गांजे और वाहन की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर तंत्र और टेक्निकल टीम को किया मजबूत :-
डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ाया है। इसी रणनीति के तहत पुलिस को 31 अगस्त की तड़के सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए बागबहार पुलिस ने तत्काल संभावित रास्तों पर नाकाबंदी की। गांधी चौक, बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 को घेरकर रोक लिया गया।
डिक्की में मिले 60 पैकेट :–
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें करीब 60 किलो गांजा मिला। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास चौधरी (27) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रह रहा था।
उड़ीसा से यूपी तक फैले नेटवर्क की तलाश :–
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप आरोपी तक किसने पहुंचाई और यूपी में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
₹30 लाख का गांजा, ₹10 लाख की कार :-
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹30 लाख और वैन्यू कार की कीमत करीब ₹10 लाख है। यानी इस कार्रवाई में करीब ₹40 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह का स्पष्ट संदेश :–
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग शुरू किया है। नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव सहित पुलिस टीम और साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।