जगदलपुर। मेडिकल कॉलेज एवं शहीद महेंद्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय (मेकाज) के कर्मचारियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ, जिला शाखा बस्तर ने जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संघ ने कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की।संघ ने ज्ञापन में बताया कि मेकाज में कार्यरत कर्मचारी ड्यूटी के दौरान और आवागमन के समय कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।

19 जुलाई 2026 की रात ड्यूटी से लौटते समय एक कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें शामिल हैं—गीदम रोड से केशलूर तक स्ट्रीट लाइट लगाना, सड़क पर डिवाइडर का निर्माण, अस्पताल कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक बस सुविधा, शासकीय आवास का निर्माण, भारी वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा मेकाज परिसर में सुलभ शौचालय का निर्माण।स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का कहना है कि 24 घंटे सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और सुविधाओं की अनदेखी नहीं की जा सकती।
संगठन ने उम्मीद जताई कि विधायक किरण देव कर्मचारियों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक पहल करेंगे।ज्ञापन सौंपने के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।