रायपुर पुलिस की डिजिटल पहल: मौदहापारा थाने में शुरू हुआ ई-मालखाना, जब्त संपत्तियों का होगा ऑनलाइन रिकॉर्ड

Uncategorized

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में मध्य जोन के मौदहापारा थाना में ई-मालखाना का शुभारंभ किया गया। इससे पहले कमिश्नरेट में इसकी शुरुआत कोतवाली थाना से की गई थी। अब इस व्यवस्था का विस्तार अन्य थानों तक किया जाएगा।अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने ई-मालखाना का शुभारंभ किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, थाना प्रभारी शक्ति सिंह तथा थाना स्टाफ मौजूद रहा।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए माल-मशरूका का डिजिटल रिकॉर्ड, सुरक्षित रखरखाव और वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। जब्त संपत्तियों की ऑनलाइन प्रविष्टि होने से उनकी ‘चेन ऑफ कस्टडी’ मजबूत होगी, जिससे किसी भी जब्त माल का विवरण, उसकी वर्तमान स्थिति और संबंधित प्रकरण की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

इससे न्यायालयीन प्रक्रियाओं में भी पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली लागू की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, तकनीक आधारित और नागरिक हितैषी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *