रायपुर में 100 पुलिसकर्मियों का बड़ा सर्च ऑपरेशन, BSUP कॉलोनी के 200 से ज्यादा मकानों की हुई जांच : पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल

Uncategorized

रायपुर : 20 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को लाभांडी स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में बड़े स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 100 पुलिस अधिकारी और जवान क्षेत्र में उतरे और 200 से अधिक मकानों एवं आवासीय परिसरों की जांच की गई।

यह विशेष अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के जवानों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

पुलिस टीम ने घर-घर पहुंचकर किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की पहचान कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नजर रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। सत्यापन के माध्यम से अवैध रूप से रह रहे या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जा सकती है।

कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। यदि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *