राजनांदगांव : ASP कीर्तन राठौर के निर्देश में बसंतपुर थाना प्रभारी ऐमन साहू ने बताया कि अटल आवास और हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्वयं को नगर निगम का कर्मचारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने उसे रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे ने खुद को नगर निगम राजनांदगांव का बाबू बताते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अच्छी पहचान होने का दावा किया। उसने अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड योजना के तहत मकान दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से कुल 8 लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए।मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी ईशनिवय सिंह ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2024 में आरोपी ने उन्हें और अन्य लोगों को निर्माणाधीन मकान दिखाकर योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया था।

विश्वास में लेकर उसने उनसे बड़ी रकम ऐंठ ली, लेकिन न मकान मिला और न ही पैसा वापस हुआ।शिकायत के आधार पर बसंतपुर थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के जरिए आरोपी की तलाश की।
आखिरकार रायपुर में उसके ठिकाने का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने लोगों से मकान दिलाने के नाम पर रकम लेने और धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए केवल अधिकृत विभागों से ही संपर्क करें और किसी व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि का भुगतान न करें।