राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों तक पहुंचाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया। मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत RPF पोस्ट राजनांदगांव की टीम ने एक गुमशुदा एवं असहाय बालिका को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया।जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे प्लेटफार्म नंबर-2 पर नियमित गश्त के दौरान RPF टीम की नजर अक्षिता काउंटर के पास अकेली और संदिग्ध अवस्था में बैठी एक नाबालिग बालिका पर पड़ी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालिका से पूछताछ की, जिसमें उसने घर से बिना बताए निकलकर आने की बात स्वीकार की।मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF जवानों ने बालिका को तत्काल सुरक्षा में लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव पहुंचाया।

इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी दी गई तथा स्टेशन पर कार्यरत चाइल्ड लाइन, जीआरपी और स्टेशन प्रबंधन को भी सूचित किया गया।सभी आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद निर्धारित एसओपी के तहत नाबालिग बालिका को सुरक्षित रूप से चाइल्ड लाइन राजनांदगांव के सुपुर्द कर दिया गया।रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संचालित “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” लगातार ऐसे बच्चों को सुरक्षा प्रदान कर रहा है जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ जाते हैं या भटक जाते हैं। RPF की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।