जगदलपुर। उत्तराखंड के देहरादून में 3 से 7 जून 2026 तक आयोजित होने वाली 5वीं KIO नेशनल सब जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराते चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बस्तर जिले के खिलाड़ी छत्तीसगढ़ कराते दल के साथ रवाना हो गए हैं। खिलाड़ियों के चयन से जिले में उत्साह और गौरव का माहौल है।राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बस्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालिका वर्ग में कु. अनमोल गौतम और कु. जे. अभिन्याश्री का चयन हुआ है, वहीं बालक वर्ग में शिवेश सिंह, जे. नवीन कृष्णा, परीक्षित मतवाल, नक्ष देवांगन एवं अभ्युदय देव अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।खिलाड़ियों के साथ श्रीमती निशा गौतम एवं गुरप्रीत कौर सैनी भी देहरादून के लिए रवाना हुई हैं। खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।रवाना होने से पूर्व बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। अकादमी के अध्यक्ष विजयपाल सिंह, सचिव भगत सोनी, संरक्षक गौतम कुंडू सहित अन्य पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।अकादमी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि बस्तर के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे तथा छत्तीसगढ़ और बस्तर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।