राजनांदगांव, 1 जून। रेलवे स्टेशन राजनांदगांव में अवैध वेंडिंग और बाहरी वेंडरों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अभियान तेज कर दिया है। मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
RPF द्वारा सोमवार को रेलवे एक्ट की धारा 144 के तहत तीन नए प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं जनवरी 2026 से अब तक अवैध वेंडिंग के खिलाफ कुल 123 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा चुकी है। इससे पहले वर्ष 2025 में भी 323 मामलों में कार्रवाई कर अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसा गया था।

रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध वेंडिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और जवानों को नियमित रूप से स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाने तथा बाहरी वेंडरों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
RPF द्वारा लगातार चेकिंग, गश्त और विशेष अभियान चलाकर स्टेशन परिसर को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।