गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 05 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने धान उपार्जन केंद्र गौरेला, तरईगांव एवं खोडरी का निरीक्षण कर धान खरीदी की तैयारियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में नए एवं पुराने बारदानों के स्टॉक, चबूतरों की स्थिति तथा परिसर की साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में गड्ढों का समतलीकरण कराने और धान खरीदी एवं भंडारण के लिए स्थल व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित समितियों के अंतर्गत आने वाले गांवों, किसानों की संख्या एवं पंजीकृत रकबे की जानकारी लेकर खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। धान उपार्जन केंद्र तरईगांव में व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी कमियां दूर कर संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी उपार्जन केंद्रों में उपार्जित धान की व्यवस्थित स्टैकिंग के लिए फड़ निर्माण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पेण्ड्रारोड श्री विक्रांत अंचल भी उपस्थित थे।